नक्सल मुक्ति के बाद भी नारायणपुर के जंगलों में सर्च अभियान तेज, DRG को मिली बड़ी सफलता; मशीनरी और तकनीकी उपकरणों का जखीरा बरामद

डुंगा और रेकावाया के जंगलों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर और 13 वायरिंग बोर्ड सहित कई उपकरण मिले

क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा बनाए रखने पुलिस का अभियान जारी, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर

नारायणपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा बलों द्वारा अंदरूनी और दुर्गम जंगल क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 13 नवंबर को ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीआरजी की टीम ने डुंगा और रेकावाया के जंगलों में संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान ड्रिलिंग, वेल्डिंग और कटिंग से संबंधित मशीनों के साथ कई प्रकार के औद्योगिक एवं तकनीकी उपकरण मिले।

ड्रिलिंग और वेल्डिंग मशीनों सहित 13 वायरिंग बोर्ड बरामद

सर्च अभियान के दौरान बरामद सामग्री में दो ड्रिल मशीन, दो वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन में लगाने वाली एक मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, एक कटर मशीन, तीन ब्लोअर, एक बेंच ग्राइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन और दो टेबल ग्राइंडर शामिल हैं। इसके अलावा दो वेल्डिंग होल्डर, एक बाइंडर, एक पैरेलल किट, एक रॉकेट सेट और 13 वायरिंग बोर्ड भी बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा बलों को अन्य तकनीकी सामग्री में ग्राइंडिंग उपकरण, मोटर में लगाने वाले दो कप सीटर, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस भी मिले हैं। पुलिस द्वारा बरामद सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा बल सतर्क

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, नक्सल मुक्ति के बाद क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करना और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए अंदरूनी गांवों, जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग एवं क्षेत्र प्रभुत्व अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और जंगलों में छिपाकर रखी गई किसी भी संदिग्ध सामग्री का पता लगाना है।

सुरक्षा बलों की लगातार सक्रियता से प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को सुरक्षित बनाने और विकास कार्यों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायता मिल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

नक्सल प्रभावित रहे बस्तर अंचल में सुरक्षा बलों के सामने अब चुनौती केवल नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने की नहीं, बल्कि अंदरूनी क्षेत्रों में स्थायी शांति, विश्वास और विकास का वातावरण मजबूत करने की भी है। नारायणपुर में जारी सर्च अभियान इसी दिशा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *