प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से अपील की है कि वे सीमित दायरे में न सोचें और नई संभावनाएं तलाशें। आज आईआईटी खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह में उन्होंने कहा कि सीमित विश्वास से सपने भी सीमित रह जाते हैं और देश की क्षमता भी सीमित हो जाती है।
विश्व बैंक की हाल की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 13 वर्षों में देश में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह इसलिए संभव हुआ क्योंकि जिसे पहले असंभव समझा जाता था, उसे संभव कर दिखाने की भावना से काम किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रनिर्माण में आईआईटी खड़गपुर की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और अब यह आत्मनिर्भरता के भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान कर रहा है। उन्होंने अपील की कि संस्थान देश की प्रगति के लिए हर सीमा से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करे। इससे संस्थान और देश, दोनों को लाभ होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया फर्स्ट के आह्वान के साथ विश्वास व्यक्त किया कि आईआईटी खड़गपुर के वर्तमान और पूर्व छात्र असीमित नवाचार वाले नए भारत के निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर का राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए नवाचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत आज चिप से लेकर जहाजों तक का निर्माण कर रहा है। देश की तकनीकी क्षमता, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है। युवाओं की प्रतिभा, साहस और नवाचार की शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
