भारत में 12 वर्षों में 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए, वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

2011 में 57.70 प्रतिशत थी गरीबी की दर, 2023 में घटकर 16.10 प्रतिशत हुई; अत्यंत गरीबी में भी उल्लेखनीय गिरावट

गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर 23 नवंबर को दिल्ली में महामंथन, शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बनेगी आगे की रणनीति

नई दिल्ली, 22 नवंबर 2026। भारत में गरीबी उन्मूलन की दिशा में पिछले एक दशक से अधिक समय के दौरान उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। वर्ल्ड बैंक की अक्टूबर 2026 में जारी ‘इंडिया पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ’ रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में लगभग 49.60 करोड़ लोग निम्न मध्यम आय वाले देशों के लिए निर्धारित गरीबी सीमा से ऊपर आए हैं। इस अवधि में गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से घटकर 16.10 प्रतिशत रह गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को इस उपलब्धि के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।

वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिदिन 4.20 अमेरिकी डॉलर (2021 की क्रय शक्ति समता यानी PPP के आधार पर) से कम आय पर जीवनयापन करने वाली आबादी का अनुपात 2011 के 57.70 प्रतिशत से घटकर 2023 में 16.10 प्रतिशत हो गया। वहीं अत्यंत गरीबी की दर, जिसके लिए प्रतिदिन 3 अमेरिकी डॉलर से कम आय का मानक निर्धारित है, इसी अवधि में 27.10 प्रतिशत से घटकर 2.60 प्रतिशत रह गई। रिपोर्ट में भारत को गरीबी में तेजी से कमी दर्ज करने वाले देशों में शामिल किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, गरीबी में इस गिरावट के पीछे उपभोग में वृद्धि, रोजगार के अवसरों का विस्तार, विशेषकर महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी तथा खाद्य सहायता सहित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार प्रमुख कारक रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आर्थिक स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है। रोजगार में वृद्धि और परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचने से भी कमजोर आय वर्ग के लोगों को लाभ मिला है।

इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने और शेष गरीब परिवारों को गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर 23 नवंबर को नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला की अध्यक्षता शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसका विषय ‘भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान’ रखा गया है।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान सहित दोनों मंत्रालयों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी शामिल होंगे।

कार्यशाला में गरीबी उन्मूलन के लिए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी। विशेष रूप से किसानों की आय बढ़ाने, कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कृषि और ग्रामीण विकास को गरीबी उन्मूलन का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर रहेगा। अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें आगामी लक्ष्यों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य शेष गरीब परिवारों के जीवन स्तर में तेजी से सुधार लाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार करना है। प्रधानमंत्री के गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में कृषि, ग्रामीण आजीविका और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *