29 नवंबर को संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण, भारत में ओलंपिक आंदोलन का मनाया जाएगा उत्सव

देशभर के 26 हजार स्थानों पर आयोजित हुआ 99वां संस्करण, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की 100वें संस्करण की घोषणा

फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिलिंग को जनआंदोलन बनाने की पहल, युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने पर जोर

गांधीनगर, 22 नवंबर 2026। देश में फिटनेस और खेल संस्कृति को जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल अभियान एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है। इस अभियान के 99वें संस्करण का आयोजन रविवार को संविधान दिवस की थीम पर देशभर के 26 हजार स्थानों पर किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने घोषणा की कि अभियान का 100वां संस्करण 29 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह विशेष संस्करण भारत में ओलंपिक आंदोलन का उत्सव मनाने के लिए समर्पित होगा।

गुजरात के गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर और महात्मा मंदिर में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सहभागिता की। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य फिटनेस, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सामूहिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित करना रहा।

डॉ. मांडविया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वस्थ, फिट और नशामुक्त युवा शक्ति आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से साइकिलिंग को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर अपनी नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फिटनेस कुछ घंटों या किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है।

केंद्रीय मंत्री ने साइकिल चलाने को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सक्रिय होंगे, तभी स्वस्थ समाज का निर्माण संभव होगा। साइकिलिंग को लोकप्रिय बनाने से फिटनेस के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन और सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

गांधीनगर में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे दांडी कुटीर में सामूहिक जुंबा सत्र से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने महात्मा मंदिर तक और वापस 2.5 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली। अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस पदक विजेता आध्या तिवारी, जय मीना और अनिकेत पटेल भी इसमें शामिल हुए। फिट इंडिया एंबेसडर राकेश सैनी और भीष्म माधानी तथा फिट इंडिया चैंपियन भानु और उर्वी ने भी सहभागिता की। आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के गांधीनगर क्षेत्रीय केंद्र द्वारा किया गया।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अभियान में देशभर में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को नियमित आदत बनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

उल्लेखनीय है कि फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा की गई थी। ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ के संदेश के साथ यह पहल अब देशव्यापी सामुदायिक फिटनेस आंदोलन का रूप ले रही है। 29 नवंबर को होने वाला 100वां संस्करण ओलंपिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के साथ नागरिकों, विशेषकर युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *