गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद

रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धा व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है और उनके आशीर्वाद से आत्मबल, सकारात्मक ऊर्जा तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस पवित्र धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आत्मबल प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पावन स्थल पर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का अवसर है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा प्रदेश की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्य के विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे स्थान समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य विकास को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राज्य में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि के पथ पर आगे ले जाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। विकास के साथ जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक उत्थान को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को एक मजबूत और विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सत्यनारायण बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। पूरे परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री के दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *