नियमों का उल्लंघन मिलने पर कृपा कृषि सेवा केंद्र की बिक्री पर रोक, अगले आदेश तक जब्त सामग्री नहीं बेच सकेंगे संचालक
बलरामपुर। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने तथा कृषि आदान सामग्री की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने जिले में निगरानी और निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विकासखंड बलरामपुर स्थित कृपा कृषि सेवा केंद्र में निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतिष्ठान से विभिन्न कंपनियों के कुल 7.39 क्विंटल बीज के साथ 42 लीटर तरल कीटनाशक और 25 किलोग्राम अन्य कीटनाशक उत्पाद जब्त किए गए हैं।
कृषि विभाग की निरीक्षण टीम ने प्रतिष्ठान में बीजों के भंडारण और बिक्री से संबंधित दस्तावेजों तथा निर्धारित वैधानिक प्रावधानों की जांच की। इस दौरान बीज अधिनियम, 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए बीजों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध विभिन्न कंपनियों के बीजों को जब्त करने की कार्रवाई की।
जब्त किए गए बीजों में 5 क्विंटल गेहूं, 1.55 क्विंटल सरसों और 0.84 क्विंटल मक्का के बीज शामिल हैं। इस प्रकार कुल 7.39 क्विंटल बीज विभागीय कार्रवाई के दायरे में आए हैं।

निरीक्षण के दौरान कीटनाशकों के भंडारण और बिक्री में भी अनियमितताएं पाई गईं। प्रतिष्ठान में कीटनाशी अधिनियम, 1968 एवं उससे संबंधित नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आने पर अधिकारियों ने विभिन्न कंपनियों के 42 लीटर तरल कीटनाशक और 25 किलोग्राम अन्य कीटनाशक उत्पाद भी जब्त कर लिए।
उल्लेखनीय है कि बीज अधिनियम, 1966 का उद्देश्य बिक्री के लिए उपलब्ध बीजों की गुणवत्ता को नियंत्रित करना है। वहीं कीटनाशी अधिनियम, 1968 के अंतर्गत कीटनाशकों के आयात, निर्माण, बिक्री, परिवहन, वितरण और उपयोग को विनियमित किया जाता है। इन कानूनी प्रावधानों का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के साथ मानव स्वास्थ्य और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
कृषि विभाग ने कृपा कृषि सेवा केंद्र के संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब्त किए गए बीज और कीटनाशक उत्पाद अगले आदेश तक न तो बेचे जाएं और न ही निर्धारित भंडारण स्थल से कहीं अन्य स्थान पर हटाए जाएं। विभाग ने वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित नियमों के अनुरूप आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई से जिले के कृषि आदान विक्रेताओं को स्पष्ट संदेश गया है कि बीज और कीटनाशकों की बिक्री में निर्धारित नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों के हितों की रक्षा और कृषि सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा निरीक्षण अभियान जारी रखा जाएगा।
