नई दिल्ली, 02 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा संकल्प अभियान की नई दिल्ली में शुरुआत की। वर्चुअल माध्यम से उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के लिए युवाओं का शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होना जरूरी है। मोदी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन-शैली अपनानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा-मुक्ति के लिए सौ सप्ताह का ‘जन-भागीदारी’ अभियान शुरू किया जाएगा और देशभर में हर रविवार को साप्ताहिक कार्यक्रम होंगे।
मोदी ने कहा कि नशीले पदार्थों की लत लोगों को लक्ष्य से भटकाती है और सपने पूरे करने नहीं देती। इससे देश की ताकत भी कमजोर होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे की लत के गंभीर परिणामों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ करियर, पारिवारिक जीवन और लोगों का भविष्य बर्बाद कर देते हैं।

प्रधानमंत्री ने आग्रह किया कि सामाजिक बदनामी के डर से मादक पदार्थों के सेवन के मामले न छिपाएं। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की लत से मुक्ति के लिए समय पर विशेषज्ञों की मदद और इलाज लेना चाहिए। मोदी ने कहा कि परिवारों को शुरुआती चरण में ही चेतावनी के संकेतों की पहचान करके खुलकर बातचीत का माहौल बनाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि अलग-थलग रहना, असामान्य व्यवहार, बातचीत से बचना, देर रात तक बाहर रहना या बार-बार पैसे मांगना जैसी आदतें मादक पदार्थों के सेवन के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों से भी अपील की कि वे मादक पदार्थों के सेवन के खतरों पर नियमित रूप से विद्यार्थियों के साथ चर्चा करें।
कार्यक्रम में 28 हजार जगहों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लबों, गैर-सरकारी संगठनों और आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिभागी भी शामिल हुए।
