महासमुंद। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के शनिवार को महासमुंद प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू और पैरा खिलाड़ी लक्की यादव से मुलाकात हुई। राज्य खेल अलंकरण वर्ष 2025-26 के लिए चयनित लक्की यादव को अरुण साव ने बधाई देते हुए सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ की ओर से दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों में खेल के प्रति राष्ट्रीय भावना विकसित करने तथा पैरा खिलाड़ियों के खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए समावेशी खेल अकादमी स्थापित करने की मांग रखी गई। अकादमी में आवासीय एवं गैर-आवासीय व्यवस्था के साथ खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, पोषण एवं आहार तथा तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। अरुण साव ने मांग पत्र पर आवश्यक कार्रवाई और मांग पूरी करने का आश्वासन दिया।

उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल किट वितरित किए और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वर्तमान में खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य भोरिंग में 60 खिलाड़ी नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
