मंत्री रामविचार नेताम ने आदिवासी कन्या छात्रावास का किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्राओं से चबूतरे पर बैठकर की आत्मीय चर्चा

रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने महासमुंद जिले में आदिवासी छात्रावासों और कन्या आश्रमों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास परिसरों में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने महासमुंद स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री नेताम छात्रावास प्रांगण में चबूतरे पर छात्राओं के साथ बैठ गए और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विषयों, परीक्षा की तैयारी, स्वास्थ्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि छात्राएं आगे क्या बनना चाहती हैं और अपने करियर को लेकर उनकी क्या योजनाएं हैं।

मंत्री ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करें।

स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की ली जानकारी

मंत्री नेताम ने छात्राओं से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, अध्ययन कक्ष, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए।

पढ़ाई और करियर मार्गदर्शन पर जोर

मंत्री ने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं के अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां ऐसा वातावरण होना चाहिए, जहां छात्राएं सुरक्षित महसूस करते हुए मन लगाकर पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और छात्राओं से समय-समय पर संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।

मंत्री ने छात्राओं से कहा कि छात्रावास से संबंधित किसी भी समस्या या आवश्यकता को अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखें। उन्होंने छात्राओं के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

निरीक्षण के दौरान महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, आदिम जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त, खंड प्रभारी, छात्रावास अधीक्षक सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *