नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज ब्रिक्स व्यापार मंच 2026 का शुभारंभ हो गया। एक दिवसीय इस महत्वपूर्ण कारोबारी कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के 1,000 से अधिक कारोबारी, व्यापार मंत्री, वित्तीय क्षेत्र के प्रतिनिधि, वैश्विक निवेशक और उद्योग जगत के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

ब्रिक्स व्यापार परिषद द्वारा फिक्की, सीआईआई और एसोचैम के सहयोग से आयोजित यह मंच 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले होने वाला प्रमुख कारोबारी कार्यक्रम है। इस वर्ष ब्रिक्स व्यापार मंच की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ रखी गई है।
मंच का उद्देश्य ब्रिक्स देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना, आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक लचीला और मजबूत बनाना तथा सीमा पार निवेश के नए अवसर तलाशना है। सम्मेलन के दौरान कारोबारी सहयोग, निवेश, नवाचार और सतत विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
ब्रिक्स व्यापार मंच को सदस्य देशों के उद्योग जगत और निवेशकों के बीच संवाद बढ़ाने तथा नए कारोबारी अवसर विकसित करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।
