बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मनाई, नक्सलवाद के खात्मे और विकास योजनाओं को बताया गरीबी उन्मूलन की बड़ी उपलब्धि
रायपुर, 9 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश ने गरीबी के विरुद्ध बड़ी लड़ाई जीती है, वहीं दूसरी ओर नक्सली हिंसा का भी अंत हुआ है। प्रधानमंत्री ने यह बातें 8 नवंबर को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाने के दौरान कहीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की दीपावली विशेष है, क्योंकि देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई में निर्णायक सफलता हासिल की है। उन्होंने इसे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। इस सफलता का बड़ा श्रेय सुरक्षा बलों के त्याग, समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को जाता है। उन्होंने सीआरपीएफ, कोबरा, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, राज्य पुलिस बलों और बस्तर फाइटर्स के जवानों की सराहना करते हुए उनके प्रति 140 करोड़ देशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
गरीबी उन्मूलन के प्रयासों की तुलना दीपावली की रंगोली से करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का प्रयास किया है। जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, मुफ्त खाद्यान्न वितरण, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल जैसी योजनाओं ने आम नागरिकों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन योजनाओं से गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, आर्थिक सहायता, स्वच्छता और पेयजल की सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री के अनुसार, इससे पीढ़ियों से गरीबी का सामना कर रहे परिवारों में बेहतर भविष्य के प्रति विश्वास और आत्मविश्वास बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर सहित प्रभावित क्षेत्रों में विकास की राह रोकी। नक्सली गतिविधियों के कारण स्कूल, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, मोबाइल नेटवर्क और उद्योग स्थापित करने में बाधाएं आती रहीं। बच्चों के टीकाकरण तक को प्रभावित किया गया और रेलवे लाइनों को निशाना बनाया गया। इन क्षेत्रों में सुरक्षा अभियान के साथ विकास को भी प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने बताया कि वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में 15 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, 9,500 से अधिक मोबाइल टावर, लगभग 175 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, करीब 50 आईटीआई और 50 कौशल विकास केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त हजारों डाकघर, बैंक शाखाएं और एटीएम बनाए गए। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय गांवों तक पानी, बिजली और सड़क पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं।

बस्तर में हो रहे बदलाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक को शांति और विकास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज यहां बच्चे बंदूकों के बजाय खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन, नक्सलवाद से मुक्ति और विकास की उपलब्धियां आगे की नई यात्रा का आधार हैं। भारत को नशामुक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
