छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर से अहमदाबाद के एसजी हाईवे पर यातायात का दबाव होगा कम, प्रतिदिन दो लाख वाहन चालकों को मिलेगी राहत
गांधीनगर, 9 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गुजरात के गांधीनगर और अहमदाबाद में 1,024 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। वार्षिक दीपावली प्रवास पर गुजरात पहुंचे अमित शाह के कार्यक्रम में अहमदाबाद नगर निगम की 27 परियोजनाओं सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था में सुधार करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अहमदाबाद में इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी तक निर्मित छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया जाएगा। 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार लगभग चार किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के शुरू होने से सरखेज-गांधीनगर (एसजी) हाईवे पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। इस मार्ग से प्रतिदिन दो लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। कॉरिडोर से अहमदाबाद, गांधीनगर और सौराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले वाहन चालकों को विशेष राहत मिलने की संभावना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसका निर्माण कराया है। इसमें दोनों ओर तीन-तीन रैंप की व्यवस्था भी की गई है।
अहमदाबाद नगर निगम की प्रमुख परियोजनाओं में जोधपुर स्थित नवनिर्मित नॉलेज हब और गोटा क्षेत्र का अर्बन हेल्थ सेंटर भी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में स्मार्ट स्कूल, पानी की टंकियों तथा शहरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वाडज के परीक्षितलाल नगर और हनुमानपुरा चाली के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इन योजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आवास सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के परिवारों के लिए आवास आवंटन भी महत्वपूर्ण रहेगा। अहमदाबाद नगर निगम ने शहर के 11 स्थानों पर लगभग 7,800 आवास तैयार किए हैं। इनके लिए 97 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। पात्र आवेदकों के बीच आवास आवंटन के लिए कंप्यूटरीकृत लॉटरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही रामापीर नो टेकरी क्षेत्र में तैयार लगभग एक हजार आवास लाभार्थियों को सौंपे जाने की भी जानकारी दी गई है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में रानीप राज्य परिवहन बस स्टेशन के सामने आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में अमित शाह विकास कार्यों की जानकारी देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। परियोजनाओं के अंतर्गत 700 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और लगभग 364 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास निर्धारित है।

गुजरात में इन विकास परियोजनाओं को शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से एलिवेटेड कॉरिडोर से अहमदाबाद के व्यस्त एसजी हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
