छत्तीसगढ़ सहित देशभर में नशामुक्ति का संकल्प, 30 राज्यों में 1.19 लाख से अधिक युवाओं ने जलाए जागरूकता के दीप

नशामुक्ति के संकल्प से जगमगाया छत्तीसगढ़, मुंगेली-धमतरी में दीपोत्सव तो डोंगरगढ़ में युवा संसद का आयोजन

रायपुर। नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार का ‘मेरा युवा भारत’ संगठन देशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के 100-सप्ताह संकल्प अभियान के आठवें सप्ताह में देशव्यापी दीपोत्सव और नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इस अभियान में छत्तीसगढ़ ने भी उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाई। प्रदेश के मुंगेली और धमतरी में दीपोत्सव एवं रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि डोंगरगढ़ ब्लॉक में नशामुक्ति विषय पर युवा संसद के माध्यम से परिचर्चा हुई।

6 और 7 नवंबर 2026 को आयोजित इन कार्यक्रमों में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 1.19 लाख से अधिक युवाओं एवं नागरिकों ने हिस्सा लिया। दीपावली के उत्सव को नशामुक्ति के संदेश से जोड़ते हुए युवाओं ने समाज को नशे से दूर रखने और स्वस्थ, जागरूक तथा जिम्मेदार भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

दीपोत्सव के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश

‘नशा मुक्त युवा दीपोत्सव – एक दीया संकल्प का’ पहल के अंतर्गत देशभर में 435 कार्यक्रम और 568 गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कुल 1,10,101 लोगों ने सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली निर्माण, मिठाई वितरण, जागरूकता कार्यक्रम और स्वयंसेवकों के सम्मान जैसे आयोजन किए गए। ब्रह्माकुमारीज, ईपीएसआई और हार्टफुलनेस सहित विभिन्न सहयोगी संगठनों ने भी इस पहल में सहभागिता निभाई।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्वयंसेवकों के साथ दीपोत्सव मनाया गया। बांदा के वृद्धाश्रम में मिठाइयों और फलों का वितरण किया गया, जबकि रामपुर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुईं। छत्तीसगढ़ के मुंगेली और धमतरी में दीपोत्सव तथा रंगोली के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, महाराष्ट्र के यवतमाल, पुडुचेरी के यानम और जम्मू-कश्मीर में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

युवा संसद में नशे की चुनौतियों पर हुई चर्चा

अभियान के अंतर्गत नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा पर परिचर्चा’ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके तहत 85 कार्यक्रम और 298 गतिविधियां संपन्न हुईं, जिनमें 9,526 लोगों ने भाग लिया।

इन परिचर्चाओं में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम 80 युवाओं को चार संरचित सत्रों के माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया।

इन सत्रों में मेरा युवा भारत पोर्टल की जानकारी, मादक पदार्थों के सेवन से जुड़ी चुनौतियां, जागरूकता से कार्रवाई तक नशामुक्ति के उपाय तथा नशामुक्त भारत की प्रेरक कहानियों पर श्रव्य-दृश्य प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रमों में नारा लेखन, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, संवादात्मक चर्चा और नशामुक्ति की शपथ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना, महाराष्ट्र के लातूर, पूर्वी दिल्ली और छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक में युवा संसद के आयोजन किए गए।

100 सप्ताह तक चलेगा संकल्प अभियान

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को केवल नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाना भी है।

इस 100-सप्ताह के संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं की निरंतर भागीदारी, सामुदायिक संवाद और स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुंगेली, धमतरी और डोंगरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम इस बात का उदाहरण हैं कि दीपावली जैसे सांस्कृतिक उत्सव और युवा सहभागिता को सामाजिक सुधार के प्रभावी माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *