बस्तर के किसानों को बड़ी राहत, कम धान बेचने पर भी मिलेगा 13,839 रुपए प्रति एकड़ का बोनस

रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार के धान खरीदी और बोनस भुगतान संबंधी निर्णय से बस्तर संभाग सहित कम पैदावार वाले क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक राहत मिलने की बात सामने आई है। नई व्यवस्था के अनुसार, न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपए प्रति क्विंटल पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा के आधार पर अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके तहत किसानों को 659 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 13,839 रुपए प्रति एकड़ की सहायता मिलेगी।

इस व्यवस्था की खास बात यह है कि किसानों के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। यदि कोई किसान कम उत्पादन के कारण 14 या 15 क्विंटल धान ही बेच पाता है, तब भी उसे निर्धारित मानक के अनुसार पूरी अंतर राशि मिलेगी। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पहले 21 क्विंटल की सीमा पूरी करने के दबाव में किसानों को दो या तीन टोकन कटवाने पड़ते थे। इससे खरीदी केंद्रों पर अतिरिक्त दबाव और बिचौलियों की सक्रियता की आशंका बनी रहती थी। नई व्यवस्था से किसानों को अपनी घरेलू आवश्यकताओं के लिए कुछ धान सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी और खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।

जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि असमय प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति झेल रहे किसानों के लिए यह सहायता संबल का काम करेगी। उन्होंने इसे किसान कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

जगदलपुर नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद सुरेश गुप्ता ने भी निर्णय को किसानों और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि इससे बिचौलियों की भूमिका सीमित करने और धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने बस्तर और सरगुजा के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री राम विचार नेताम और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के प्रति आभार व्यक्त किया।

बस्तर के ग्रामीण अंचलों में भी इस निर्णय को लेकर किसानों ने प्रसन्नता जताई है। ग्राम पंचायत टलनार के किसान सतीश बाजपेयी ने बताया कि इंद्रावती और भसकली नदियों में आई बाढ़ से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई थी। ऐसे समय में सरकार की यह घोषणा उनके लिए दोबारा खड़े होने का सहारा बनेगी।

इसी तरह ग्राम पंचायत कुरंदी के किसान नरेंद्र पांडे ने कम पैदावार वाले क्षेत्रों के किसानों को 13,839 रुपए प्रति एकड़ की सहायता मिलने पर खुशी जताई। किसान संतोष बघेल ने भी इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बस्तर के अन्नदाताओं के लिए राहतकारी निर्णय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *