सहयोग चौपाल और चलित थाना के जरिए ग्रामीणों तक पहुंची कोंडागांव पुलिस, साइबर अपराध से लेकर महिला-बाल सुरक्षा तक किया जागरूक

इरागांव थाना पुलिस ने ग्राम बिंझे में चलाया जनजागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दी कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव की जानकारी

कोंडागांव। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और पुलिस तथा आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना इरागांव पुलिस ने ग्राम बिंझे में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बाजार में मौजूद ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें विभिन्न अपराधों से बचाव, यातायात नियमों और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

अभियान का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के करीब पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना और अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना रहा। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से वे अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के सामने रख सकते हैं और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी फोन कॉल, ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

यातायात नियमों और नशामुक्ति पर दिया जोर

यातायात जागरूकता के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क सुरक्षा नियमों को अपनाने की समझाइश दी गई। वहीं, नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

नए आपराधिक कानूनों और महिला-बाल सुरक्षा की दी जानकारी

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों तथा पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। महिला एवं बाल सुरक्षा के विषय में घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

कोंडागांव पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से जनसंपर्क तथा जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *