मानवीय रचनात्मकता, संवेदनाओं और मौलिकता के महत्व को दर्शाता है इस वर्ष का शब्द
लंदन। दुनिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार, मनोरंजन, पत्रकारिता और रचनात्मक कार्यों सहित जीवन के लगभग हर क्षेत्र में एआई की बढ़ती भूमिका के बीच कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने ‘ह्यूमन’ (Human) को वर्ष 2026 का शब्द घोषित किया है। यह चयन इस बात का संकेत है कि तकनीकी विकास के इस दौर में मनुष्य अपनी मौलिक पहचान, रचनात्मकता, संवेदनाओं और मानवीय संबंधों के महत्व को पहले से अधिक महसूस कर रहा है।
कैम्ब्रिज डिक्शनरी के अनुसार, ‘ह्यूमन’ का अर्थ ऐसे गुणों, कमियों और भावनाओं से है, जो मनुष्यों में पाई जाती हैं और उन्हें देवताओं, पशुओं तथा मशीनों से अलग पहचान देती हैं। शब्दकोश के विशेषज्ञों का मानना है कि एआई के विस्तार ने इस शब्द को एक नया सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भ प्रदान किया है। अब यह केवल मनुष्य की पहचान बताने वाला सामान्य शब्द नहीं रह गया है, बल्कि मानव और मशीन के बीच अंतर को समझने की वैश्विक बहस का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
कैम्ब्रिज डिक्शनरी के ब्लॉग में बताया गया है कि पिछले कुछ समय में ‘ह्यूमन रिटन’ (Human-written), ‘ह्यूमन जनरेटेड’ (Human-generated) और ‘ह्यूमन मेड’ (Human-made) जैसे शब्दों का प्रयोग बढ़ा है। इनके माध्यम से यह स्पष्ट किया जा रहा है कि कोई सामग्री, रचना अथवा उत्पाद मनुष्य द्वारा तैयार किया गया है या कृत्रिम बुद्धिमत्ता की सहायता से बनाया गया है। विशेष रूप से लेखन, कला, संगीत, पत्रकारिता और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में यह अंतर अधिक महत्वपूर्ण होता जा रहा है।
डिक्शनरी के शब्द विशेषज्ञ कॉलिन मैकिंटोश के अनुसार, एआई इस बात को प्रभावित कर रहा है कि लोग मानवीय होने का अर्थ किस प्रकार समझते हैं। मशीनों को सोचने, लिखने, विश्लेषण करने और निर्णय लेने में सक्षम बनाने वाली तकनीक के विस्तार ने मनुष्य की बौद्धिक क्षमताओं और मौलिक योगदान को लेकर नई चर्चाएं शुरू की हैं। विशेषज्ञों की चिंता यह भी है कि यदि मनुष्य अपनी सोच और निर्णय लेने की क्षमता पूरी तरह तकनीक पर निर्भर कर देगा, तो उसकी स्वतंत्र रचनात्मकता प्रभावित हो सकती है।
इस वर्ष ‘ह्यूमन’ के अलावा ‘एनालॉग’ (Analogue), ‘एजेंट’ (Agent), ‘होलसम’ (Wholesome) और ‘चिक’ (Chic) शब्द भी चर्चा में रहे। इनमें ‘एनालॉग’ शब्द का प्रयोग डिजिटल तकनीक से दूर रहकर पुस्तक पढ़ने, बुनाई करने अथवा पुराने रिकॉर्ड पर संगीत सुनने जैसी गतिविधियों के संदर्भ में भी किया जा रहा है। ‘एजेंट’ का आशय ऐसे एआई तंत्र से है, जो मानवीय नियंत्रण के बिना जटिल कार्यों को संचालित कर सकता है। वहीं ‘होलसम’ का अर्थ शारीरिक, नैतिक अथवा भावनात्मक रूप से हितकारी और सकारात्मक तथा ‘चिक’ का अर्थ सुरुचिपूर्ण और आकर्षक है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष का शब्द चुनने के लिए कैम्ब्रिज डिक्शनरी इंटरनेट पर शब्दों की खोज, उनके प्रयोग में वृद्धि और बदलते भाषायी संदर्भों सहित विभिन्न मानदंडों का विश्लेषण करती है। वर्ष 2025 में इसने ‘पैरासोशल’ (Parasocial) को वर्ष का शब्द चुना था।

कैम्ब्रिज का इस वर्ष ‘ह्यूमन’ शब्द को चुनना केवल भाषायी घोषणा नहीं, बल्कि तेजी से बदलती दुनिया के सामने खड़े एक महत्वपूर्ण प्रश्न की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है—जब मशीनें मनुष्य की तरह काम करने लगेंगी, तब मनुष्य की विशिष्ट पहचान क्या होगी? तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, संवेदना, विवेक, करुणा, मौलिक कल्पनाशीलता और मानवीय जुड़ाव का महत्व बना रहेगा। यही संदेश वर्ष 2026 के इस चयन में निहित दिखाई देता है।
