भोपाल के आईसीएआर-निशाद संस्थान ने विकसित की H5N1 वैक्सीन, पोल्ट्री उद्योग को बड़े आर्थिक नुकसान से बचाने में मिलेगी मदद
भोपाल। देश में पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के गंभीर खतरे से बचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत ने मुर्गियों को अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) यानी बर्ड फ्लू से सुरक्षा प्रदान करने के लिए पहली स्वदेशी निष्क्रिय H5N1 वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस वैक्सीन का विकास पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से भोपाल स्थित आईसीएआर-निशाद के वैज्ञानिकों ने किया है। यह वैक्सीन H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a स्वरूप के विरुद्ध तैयार की गई है। इसे भारत में इस विशिष्ट वायरस स्वरूप के विरुद्ध मुर्गियों के लिए विकसित अपनी तरह की पहली वैक्सीन माना जा रहा है। इसका उद्देश्य देश में प्रसारित हो रहे H5N1 वायरस से पोल्ट्री को सुरक्षा प्रदान करना और बर्ड फ्लू के प्रकोप पर नियंत्रण को मजबूत करना है।
बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को बड़ा खतरा
हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा को सामान्यतः बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह मुर्गियों सहित विभिन्न पक्षियों को प्रभावित करने वाला अत्यंत संक्रामक रोग है। इसके प्रकोप के दौरान संक्रमित पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और अंडे तथा चिकन उत्पादों की आपूर्ति एवं कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का पता चला था। इसके बाद से H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। वर्ष 2006 के शुरुआती प्रकोप से देश को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था।
क्यों महत्वपूर्ण है स्वदेशी वैक्सीन?
कृषि मंत्रालय के अनुसार, वायरस के अध्ययन में H5N1 का क्लेड 2.3.2.1a स्वरूप मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार पाया गया है। हाल के वर्षों में इस वायरस से संबंधित संक्रमण स्तनधारियों सहित अन्य पशु प्रजातियों में भी सामने आए हैं। मनुष्यों में भी इसके तीन मामले दर्ज किए गए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मृत्यु हुई है। हालांकि मनुष्यों में संक्रमण का जोखिम अलग-अलग परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
मंत्रालय के मुताबिक, अभी तक H5N1 के क्लेड 2.3.2.1a के विरुद्ध कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में स्वदेशी वैक्सीन का विकास देश की पशु रोग नियंत्रण क्षमता और जैव सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम है।

इस उपलब्धि से भारत की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही पोल्ट्री किसानों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाने, पशु स्वास्थ्य सुरक्षा बेहतर बनाने और संक्रामक रोगों की रोकथाम के प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। वैक्सीन के व्यावसायिक उपयोग, उपलब्धता और टीकाकरण की प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश आगे स्पष्ट होंगे।
