डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई; माओवादी नेटवर्क के आर्थिक संसाधनों पर सुरक्षा बलों का प्रहार
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के माओवादी प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जमीन के भीतर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखी गई यह बड़ी नकद राशि माओवादी संगठन के आर्थिक संसाधनों से जुड़ी महत्वपूर्ण बरामदगी मानी जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को सुरक्षा बलों को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में माओवादियों ने संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस टीम की संयुक्त टुकड़ी ने जंगल में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और व्यवस्थित तलाशी की कार्रवाई की। इसी क्रम में जमीन के भीतर बोरी में रखा एक स्टील का डिब्बा मिला। सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच करने पर डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे हुए कई पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों को खोलकर जांच की गई तो उनमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नकद मिले। सुरक्षा बलों ने पूरी राशि अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना भैरमगढ़ में प्रक्रिया शुरू कर दी है।
माओवादी नेटवर्क के आर्थिक तंत्र पर लगातार कार्रवाई
बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार खुफिया सूचनाओं के आधार पर सर्चिंग, एरिया डोमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे पहले भी जिले के विभिन्न जंगल क्षेत्रों में माओवादी डम्प से बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामग्री बरामद की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, पूर्व की विभिन्न कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
गौरतलब है कि 24 नवंबर को ही बीजापुर के पामेड़ और आवापल्ली थाना क्षेत्रों में भी सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियान चलाकर माओवादी डम्प का खुलासा किया था। इन कार्रवाइयों में ड्रोन, लैपटॉप, संचार उपकरण, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। इससे जिले में माओवादी नेटवर्क के तकनीकी और सैन्य संसाधनों पर चल रही कार्रवाई की व्यापकता सामने आती है। ।

बड़ेपल्ली में हुई ताजा बरामदगी को माओवादी संगठन की आर्थिक गतिविधियों और संसाधनों पर महत्वपूर्ण चोट के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी नेटवर्क के छिपे ठिकानों और संसाधनों का पता लगाने में मदद मिल रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अभियान जारी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने की बात कही गई है।
