संविधान दिवस आज : भारतीय लोकतंत्र की ऐतिहासिक विरासत का उत्सव, संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। देशभर में आज 77वां संविधान दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की ऐतिहासिक घटना की स्मृति में मनाया जाता है। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसी दिन भारत ने अपने शासन, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का मार्ग निर्धारित करने वाले संविधान को स्वीकार किया था। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और इसी के साथ भारत एक गणराज्य बना।

भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य नागरिकों के बीच संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संविधान में निहित आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस की 77वीं वर्षगांठ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में देश को मिला यह उपहार भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य विरासत है। संविधान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारा निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिवस संविधान में निहित मूल्यों को मजबूत करने और उनके प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. बी.आर. आंबेडकर तथा संविधान सभा के अन्य सभी महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और देशव्यापी आयोजन

संविधान दिवस के अवसर पर केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, विद्यालयों तथा सामाजिक संगठनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से MyGov पोर्टल पर संविधान की प्रस्तावना के ऑनलाइन वाचन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा अंग्रेजी सहित 22 अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध है। नागरिक प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरा सकते हैं और प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त 18 से 26 नवंबर तक MyGov और MyBharat पोर्टल पर संविधान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 786 जिलों में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।

विभिन्न स्थानों पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।

संविधान : अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध

भारतीय संविधान विश्व के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक है। संविधान सभा ने लगभग 2 वर्ष, 11 महीने और 17 दिन के विचार-विमर्श के बाद इसे अंतिम रूप दिया था। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक महान विभूतियों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा।

संविधान की प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को प्रतिष्ठित किया गया है। यह केवल शासन व्यवस्था का आधार नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक चेतना का भी आधार है।

संविधान दिवस हमें स्मरण कराता है कि लोकतंत्र की मजबूती केवल संवैधानिक संस्थाओं से नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ अपने मूल कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यह दिवस संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने और एक सशक्त, समरस तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लेने का अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *