48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती में देशभर के 100 युवा फिल्मकारों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रतिभा प्रदर्शन का मिला अवसर
गोवा। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी)-2026 के अंतर्गत युवा फिल्म प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाली पहल ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) का छठा संस्करण संपन्न हो गया। इस अवसर पर 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती में बनाई गई फिल्मों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में ‘वन लास्ट स्टॉप’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार हासिल किया। फिल्म का निर्देशन मोहक गांधी ने किया है। विजेता फिल्म को पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की इस प्रमुख पहल का उद्देश्य देशभर की उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराना और उन्हें फिल्म उद्योग के साथ जोड़ना है। इस वर्ष कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित 100 युवा प्रतिभाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता की विषयवस्तु ‘रूट्स एंड विंग्स : अपनी जड़ों का सम्मान, अपने भविष्य को अपनाना’ रखी गई थी। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और अनुभवों से प्रेरणा लेकर भविष्य की संभावनाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का अवसर मिला।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात ने कहा कि क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो युवा प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने 48 घंटे की चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में युवा रचनात्मक पेशेवरों के लिए रोजगार, उद्यमिता और नवाचार की व्यापक संभावनाएं हैं।
इफ्फी के महोत्सव निदेशक एवं फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि फिल्म निर्माण सामूहिक प्रयासों से पूरी होने वाली प्रक्रिया है। किसी एक व्यक्ति के लिए अकेले फिल्म बनाना संभव नहीं है। निर्देशन, अभिनय, छायांकन, पटकथा, संपादन, संगीत और ध्वनि सहित प्रत्येक विभाग का योगदान फिल्म को प्रभावशाली बनाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को चुनौती के दौरान बने आपसी संबंधों को बनाए रखने और भविष्य में भी एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में ‘ए लिटिल समथिंग’ ने उपविजेता का पुरस्कार प्राप्त किया। इसका निर्देशन तमन्ना ठाकुर ने किया। फिल्म को तीन लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। व्यक्तिगत श्रेणियों में ‘शेल्स’ के लिए सिद्धि पार्कर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि ‘वन लास्ट स्टॉप’ के लिए त्रियाशा मन्ना को सर्वश्रेष्ठ छायाकार चुना गया। ‘शेल्स’ के लिए जितिन एस को सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक का सम्मान मिला। ‘ए लिटिल समथिंग’ के लिए नयन चोटलिया और मानव अग्रवाल को सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार दिया गया।
इसी क्रम में ‘टू सनसेट्स एंड जीरो सनराइजेस’ के लिए अश्विन अशोक को सर्वश्रेष्ठ ध्वनि डिजाइन तथा ‘नील मछली’ के लिए अक्षय अनमोल काटोरे को सर्वश्रेष्ठ संगीत संयोजन का पुरस्कार मिला।
उल्लेखनीय है कि सीएमओटी का आयोजन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे के सहयोग से किया जाता है। वर्ष 2026 के संस्करण में 13 फिल्म निर्माण विधाओं से प्रतिभागियों का चयन किया गया था। पांच टीमों में बंटे प्रतिभागियों ने निर्धारित 48 घंटे में लघु फिल्मों की परिकल्पना, निर्माण और प्रस्तुति का कार्य पूरा किया।

यह पहल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा फिल्मकारों को अनुभवी पेशेवरों से सीखने, नेटवर्क बनाने और फिल्म उद्योग में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करती है। इफ्फी के माध्यम से भारतीय सिनेमा की नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मंच मिल रहा है।
