कवर्धा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर थाना के सामने संदिग्ध वाहनों की सघन जांच के दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस को ट्रक में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार कंटेनर ट्रक की तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट छिपाकर रखे गए थे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने चेंबर की जांच की, जिसमें मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन कराने पर कुल 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई है।
मामले में पुलिस ने आरोपी बलजीत सिंह, पिता रवेल सिंह, निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा कंटेनर ट्रक भी जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से करीब 5 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांजे की कीमत, कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने इस कार्रवाई के लिए कबीरधाम पुलिस और थाना चिल्फी की टीम की सराहना की है। उन्होंने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच, नाकाबंदी और निगरानी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तस्करों ने गांजे की बड़ी खेप को पुलिस की नजर से बचाने के लिए कंटेनर के अंदर विशेष गुप्त चेंबर बनाया था। हालांकि चिल्फी पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करी का यह प्रयास विफल कर दिया गया। कार्रवाई के बाद अब पुलिस और एएनटीएफ टीम गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर गांजे की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जप्त मशरूका में 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये है, 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन शामिल है। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
