देवरहट लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग बाल संप्रेषण गृह भेजे गए

पुलिस ने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू किया बरामद

मुंगेली। जिले के लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, चार विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी माधुरी धिरही के नेतृत्व में साइबर सेल तथा लालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरे मामले की जांच की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और 48 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर दिया।

नकाबपोश बदमाशों ने आधी रात घर में घुसकर की लूट

पुलिस के अनुसार, ग्राम देवरहट निवासी धरमीन बाई साहू ने 22 जुलाई की रात घर में घुसकर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे चार-पांच नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उनके पति नेतराम साहू पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और चाकू दिखाकर दंपति को धमकाया। इसके बाद बदमाशों ने महिला के गले, कान, कमर, पैर और नाक में पहने सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।

आभूषण, मोबाइल और हजारों रुपये नकद ले गए आरोपी

लुटेरों ने महिला के आभूषणों के अलावा उनके पति के गले की माला, अंगूठी, घड़ी और मोबाइल फोन भी लूट लिया। इसके साथ ही घर में रखी करीब 8 से 9 हजार रुपये की नकदी भी लेकर आरोपी फरार हो गए। शिकायत के बाद लालपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सूचना और संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी उर्फ लेडी और चार नाबालिगों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

बाजार में महिला को आभूषण पहने देखकर बनाई थी लूट की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बाजार में धरमीन बाई को सोने-चांदी के आभूषण पहने हुए देखा था। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर में लूट करने की योजना बनाई। वारदात की रात चार आरोपी और चार नाबालिग घर के अंदर घुसे, जबकि सोनू टंडन और देवी टंडन मोटरसाइकिल से आसपास रेकी करते रहे। आरोपियों ने हथियार के बल पर दंपति को आतंकित किया और लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद लूटे गए सामान का आपस में बंटवारा कर लिया।

लूट का सामान और चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच नग सोने की मंचली, 50 तोला चांदी का करधन, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने का पदुम, मोबाइल फोन और 8,650 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने जब्त किया है।

चार आरोपी जेल भेजे गए, चार नाबालिगों पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में पीपरखुंटा निवासी देवी टंडन, उम्र 26 वर्ष, सोनू टंडन, उम्र 23 वर्ष, शैलेन्द्र टंडन, उम्र 18 वर्ष और आर्यन जोशी उर्फ लेडी, उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, चार नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया और बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

साइबर सेल और लालपुर थाना पुलिस की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना प्रभारी सुंदरलाल गोरले सहित साइबर सेल और लालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा होने और आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *