लगभग ₹2.68 लाख करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना में रेलवे स्टेशन, आवास, सार्वजनिक परिवहन, व्यावसायिक गतिविधियों और हरित क्षेत्रों का होगा एकीकृत विकास
मैड्रिड, 05 नवंबर 2026।
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्पेन दौरे के पहले कार्यक्रम के अंतर्गत मैड्रिड स्थित क्रेआ मैड्रिड नुएवो नॉर्ते का दौरा किया। यह यूरोप की सबसे बड़ी और विश्व की महत्वाकांक्षी शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं में से एक है। लगभग ₹2.68 लाख करोड़ (25.2 अरब यूरो) के अनुमानित निवेश वाली इस परियोजना को आगामी 15 से 20 वर्षों में चरणबद्ध रूप से पूरा करने का लक्ष्य है।

इस परियोजना के माध्यम से मैड्रिड में आधुनिक, सुव्यवस्थित, समावेशी और टिकाऊ शहरी विकास का एक नया मॉडल विकसित किया जा रहा है। इसकी प्रमुख विशेषता चमार्टिन रेलवे स्टेशन का एकीकृत पुनर्विकास है। रेलवे स्टेशन के ऊपर लगभग 23 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में नए शहरी क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत लगभग 10,500 नए आवास बनाए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में किफायती आवास भी शामिल होंगे।
परियोजना में एकीकृत मोबिलिटी हब विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत लगभग 80 प्रतिशत यात्राओं को पैदल, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से संचालित करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त 15 लाख वर्ग मीटर से अधिक कार्यालय एवं व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। परियोजना में प्रस्तावित 300 मीटर ऊंची इमारत यूरोपीय संघ की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल होगी।

पर्यावरण संरक्षण और हरित शहरी विकास को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ट्रैक के ऊपर 14.5 हेक्टेयर क्षेत्र में सेंट्रल पार्क तथा 4 लाख वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इस परियोजना से लगभग 3.5 लाख नए रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

क्रेआ मैड्रिड नुएवो नॉर्ते परियोजना इस बात का उदाहरण है कि किस प्रकार रेलवे स्टेशन, आवास, सार्वजनिक परिवहन, व्यावसायिक गतिविधियों और हरित क्षेत्रों को एकीकृत करके भविष्य के शहरों का निर्माण किया जा सकता है। भारत के लिए भी यह परियोजना शहरी नियोजन और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव एवं सीख प्रदान करती है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन आधारित शहरी विकास, किफायती आवास और पर्यावरण अनुकूल बुनियादी सुविधाओं को एक साथ विकसित करने की दिशा में यह एक उपयोगी मॉडल है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में भी आधुनिक शहरी अवसंरचना, किफायती आवास, सुगम सार्वजनिक परिवहन और सतत विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप भारतीय शहरों को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक, समावेशी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
