दुर्ग जिले के चार गांवों में भिलाई इस्पात संयंत्र के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग ने लगाए चिकित्सा शिविर
रायपुर, 05 नवंबर 2026/ भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग जिले के चार गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया। कुर्मीगुंडरा, अछोटी, अरसनारा और जंजगीरी में आयोजित इन शिविरों में कुल 165 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 52 पुरुष और 113 महिलाएं शामिल रहीं। शिविरों में ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
विकासखंड पाटन के ग्राम कुर्मीगुंडरा में आयोजित शिविर में बीएसपी की ओर से डॉ. सर्वेश प्रधान ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। फार्मासिस्ट मनीष कुमार और नर्सिंग स्टाफ रेणुका ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। पंजीयन कार्य में विवेक ध्रुव तथा जिला चिकित्सालय की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) प्रियंका साहू ने सहयोग किया। इस शिविर में 25 पुरुषों और 27 महिलाओं सहित कुल 52 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।

विकासखंड निकुम के ग्राम अछोटी में आयोजित शिविर में डॉ. ज्योति सिन्हा ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फार्मासिस्ट विविध बर्छिहा और नर्सिंग स्टाफ मोहम्मद सिराज ने स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग दिया। पंजीयन कार्य में राकेश कुमार तथा जिला चिकित्सालय की महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी निकिता प्रसाद की भूमिका रही। यहां 10 पुरुषों और 18 महिलाओं सहित कुल 28 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
इसी प्रकार, विकासखंड पाटन के ग्राम अरसनारा में आयोजित शिविर में डॉ. सविता बंछोर ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फार्मासिस्ट विविध बर्छिहा और नर्सिंग स्टाफ मोहम्मद सिराज ने अपनी सेवाएं दीं। पंजीयन कार्य में राकेश कुमार एवं जिला चिकित्सालय की महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वीना साहू ने सहयोग किया। शिविर में 13 पुरुषों और 27 महिलाओं सहित कुल 40 ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ मिला।

विकासखंड धमधा के ग्राम जंजगीरी में आयोजित शिविर में डॉ. राजेंद्र साहू ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फार्मासिस्ट विविध बर्छिहा और नर्सिंग स्टाफ मोहम्मद सिराज ने स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग प्रदान किया। पंजीयन कार्य में राकेश कुमार तथा जिला चिकित्सालय की महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नेहा वर्मा का योगदान रहा। इस शिविर में 4 पुरुषों और 41 महिलाओं सहित कुल 45 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।
बीएसपी के सीएसआर विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को अपने गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हो सकीं। विशेष रूप से उन ग्रामीणों को इसका लाभ मिला, जिन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए भी दूरस्थ अस्पतालों तक जाना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और समुदाय के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में ये शिविर महत्वपूर्ण साबित हुए।

