तीन दिनों तक 12 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता
बलरामपुर। ग्रामीण और शहरी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को पहचान एवं प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का 5 नवंबर को गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं, महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताएं सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय खेल मैदान, इंडोर हॉल पुलिस लाइन, कृषि विज्ञान केंद्र जाबर, मिशन स्कूल तथा एकलव्य विद्यालय भेलवाडीह के खेल मैदानों में आयोजित की गईं। एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी सहित 12 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 और 200 मीटर जूनियर बालक वर्ग में कुसमी के उमेश ने दोहरी जीत दर्ज की। सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रामचंद्रपुर के जितेंद्र तथा 200 मीटर में बलरामपुर के धीरज सिंह प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में शंकरगढ़ के कुलदीप तथा बलरामपुर के सुनील कुमार और निर्मला ने बाजी मारी। शंकरगढ़ के प्रवीण पैकरा ने भाला फेंक और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुसमी की मुस्कान तिर्की ने गोला फेंक और भाला फेंक के सीनियर बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल में राजपुर के सीनियर बालक और वाड्रफनगर के सीनियर महिला वर्ग की टीम विजेता बनी। रस्साकशी में शंकरगढ़ की महिला टीम ने जीत हासिल की, जबकि बैडमिंटन में बलरामपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।

दूसरे दिन तीरंदाजी में वाड्रफनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 और 50 मीटर की स्पर्धाओं में व्यक्तिगत एवं टीम मुकाबलों में कई शीर्ष स्थान हासिल किए। रागिनी नेताम और सुमन सिंह ने दोनों दूरियों में स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। खो-खो में वाड्रफनगर ने तीन वर्गों में तथा रामचंद्रपुर ने जूनियर बालिका वर्ग में खिताब जीता। बास्केटबॉल के जूनियर वर्ग में बलरामपुर और सीनियर वर्ग में वाड्रफनगर विजेता रहे। बालिका फुटबॉल के दोनों वर्गों में शंकरगढ़ की टीम ने जीत दर्ज की। कुश्ती में शंकरगढ़ के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि कराटे में वाड्रफनगर के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। अंतिम दिन कबड्डी और हॉकी के रोमांचक मुकाबले हुए।
उल्लेखनीय है कि सरगुजा ओलंपिक के प्रति पूरे संभाग में व्यापक उत्साह देखने को मिला है। इस वर्ष सरगुजा संभाग के छह जिलों में आयोजित प्रतियोगिताओं के लिए 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से ही 91,995 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही है।

समापन समारोह में अतिथियों ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने, युवाओं में खेल भावना विकसित करने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ी 15 से 20 नवंबर के बीच अंबिकापुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

