गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये, वाहन सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त
कोंडागांव/केशकाल, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोंडागांव जिले की केशकाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा XUV-500 कार सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सिल्वर रंग की महिंद्रा XUV-500 कार क्रमांक OD-10-V-7053 में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर केशकाल पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार माली (31 वर्ष), निवासी नाथूखेड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान बताया।
78 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को चालक की सीट के पीछे और कार की डिक्की में भूरे रंग के सेलोटेप से पैक किए गए 78 संदिग्ध पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। इन पैकेटों का कुल वजन 407.910 किलोग्राम निकला। पुलिस को कार के डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखी गई एक अन्य नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर RJ-23-UB-8472 अंकित था।
आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी में एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने गांजा, महिंद्रा XUV-500 कार, मोबाइल फोन और नकदी सहित सभी सामग्री जब्त कर ली। जब्त गांजे की कीमत 2,03,95,500 रुपये तथा वाहन की कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। अन्य जब्त सामग्री सहित कुल संपत्ति का मूल्य 2,18,96,600 रुपये है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार माली के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में जिले में गांजा और अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम, सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, संजय बिसेन, आरक्षक सदासिंह नेताम, मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, रामुलाल नेताम, दिनेश मरकाम, अजय सलाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी तथा नगर सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
