दीपावली-छठ पर रायपुर रेल मंडल में भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी, तीन प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम

रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर अतिरिक्त आरपीएफ जवानों की तैनाती, सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी

रायपुर, 5 नवंबर 2026। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के निर्देश पर 5 से 14 नवंबर तक रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके तहत अतिरिक्त आरपीएफ जवानों, वाणिज्यिक कर्मचारियों और टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जाएगी।

रायपुर स्टेशन पर 400 यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया

रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां एक साथ लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों के लिए पेयजल, किफायती भोजन, प्रकाश और सीसीटीवी निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों सारनाथ एक्सप्रेस (15160), गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस (15232) और साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) को प्लेटफार्म नंबर 7 से संचालित करने के लिए निर्धारित किया गया है।

भीड़ के समय टिकट लेने में होने वाली परेशानी कम करने के लिए तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर और छह अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVM) लगाई गई हैं। एम-यूटीएस सुविधा के साथ अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है।

दुर्ग और भिलाई पावर हाउस में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

दुर्ग स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स को होल्डिंग एरिया के रूप में उपयोग किया जा रहा है। यहां यात्रियों के लिए पेयजल और किफायती भोजन की व्यवस्था की गई है। ट्रेनों के आवागमन के अनुसार प्लेटफार्म का अग्रिम निर्धारण किया गया है। अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम तथा आरपीएफ और टिकट जांच कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 42 और भिलाई पावर हाउस में 12 आरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी निगरानी के लिए रायपुर में 55, दुर्ग में 43 और भिलाई पावर हाउस में 55 कैमरे कार्यरत हैं। प्रवेश और निकास द्वारों, यात्री कतारों तथा फुट ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। रायपुर स्टेशन पर ड्रोन की उपलब्धता भी रखी गई है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम, चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध

भीड़ की स्थिति पर नजर रखने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए वार रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। यहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फीड के माध्यम से निगरानी की जाएगी। परिचालन, वाणिज्यिक, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।

प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, लिफ्ट, एस्केलेटर, पंखे और वातानुकूलन जैसी सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित दरों की निगरानी होगी। रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस और चिकित्सा दल उपलब्ध रहेगा। रायपुर एवं दुर्ग में चिकित्सा शिविर लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है।

बिहार और दिल्ली के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें

त्योहारी भीड़ को देखते हुए दुर्ग-बरौनी-दुर्ग के बीच तीन, दुर्ग-दिल्ली-दुर्ग के बीच दो, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच चार तथा गोंदिया-पटना-गोंदिया के बीच तीन ट्रिप विशेष ट्रेनें संचालित करने की योजना है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित कतारों में खड़े होने, फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने और ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय सावधानी बरतने की अपील की है। धक्का-मुक्की और अनावश्यक जल्दबाजी से बचने तथा रेलवे कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *