मथुरा-वृंदावन में उमड़े श्रद्धालु, छप्पन भोग और अन्नकूट की धूम; छत्तीसगढ़ में पारंपरिक गौरा-गौरी उत्सव ने बिखेरी लोकसंस्कृति की छटा
देशभर में आज, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई जा रही है। भगवान कृष्ण को समर्पित यह पर्व प्रकृति, गौवंश, कृषि और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश से आए भक्त बड़ी संख्या में मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं और पवित्र गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रहे हैं।
मथुरा में गोवर्धन पूजा के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। दानघाटी, मुकुट मुखारविंद और जतीपुरा मुखारविंद सहित प्रमुख मंदिरों में दुग्धाभिषेक किया जा रहा है। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जा रहे हैं और विभिन्न प्रकार के पकवानों से अन्नकूट सजाया जा रहा है। श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान कृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों और उनके गौवंश की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण किया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा प्रचलित हुई। इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाकर पूजा की जाती है। गायों को स्नान कराकर सजाया जाता है और उन्हें गुड़, चावल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ खिलाने की परंपरा है।
छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा के साथ गौरा-गौरी पर्व की विशेष छटा
गोवर्धन पूजा का उत्सव छत्तीसगढ़ में भी अपनी विशिष्ट लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के साथ मनाया जाता है। यहां दीपावली के अवसर पर मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व विशेष महत्व रखता है। यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग से जुड़ा है। छत्तीसगढ़ के अनेक गांवों और नगरों में मिट्टी से गौरा-गौरी की प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। दीपावली की रात पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। महिलाएं मंगलगीत गाती हैं और ढोल, नगाड़े, निशान, ताशा तथा मोहरी जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर लोकनृत्य और शोभायात्राएं आयोजित होती हैं।
कई क्षेत्रों में गौरा-गौरी की प्रतिमाओं का विसर्जन गोवर्धन पूजा के दिन किया जाता है। इस दौरान गांवों में सामूहिक उत्सव का वातावरण रहता है। गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की लोकआस्था, सामाजिक समरसता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है।
प्रदेश में गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुधन के प्रति सम्मान प्रकट करने की भी विशेष परंपरा है। गोबर से गोवर्धन की आकृतियां बनाई जाती हैं तथा गायों और बैलों को स्नान कराकर सजाया जाता है। उनके गले में पारंपरिक सोहई बांधी जाती है। कई स्थानों पर गोवर्धन खोंडवाने की रस्म भी निभाई जाती है, जिसमें पशुओं को गोबर से बनाई गई प्रतीकात्मक आकृतियों के ऊपर से गुजारा जाता है। इसे शुभ और मंगलकारी माना जाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक गौरा-गौरी पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा तथा कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। वहीं गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश के किसानों, खेत-खलिहानों और प्रत्येक परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान कृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मकता का संचार करने की प्रार्थना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पर्व भक्ति, कृतज्ञता और आपसी एकजुटता के मूल्यों को और मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई दी। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए तथा प्रत्येक परिवार सुख, सौभाग्य और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में भी गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की।

गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी जैसे पर्व भारतीय संस्कृति की उस परंपरा को जीवंत रखते हैं, जिसमें प्रकृति, पशुधन, कृषि और पारिवारिक-सामाजिक जीवन को एक-दूसरे का पूरक माना गया है। ये उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण, अन्न के सम्मान, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना और समाज में एकता का संदेश भी देते हैं।
