भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय नायकों को किया जाएगा नमन, प्रदेश में जनजातीय परिवारों के विकास और अधिकारों की उपलब्धियां होंगी साझा
रायपुर, 14 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। दशहरा मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मानित किया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संघर्ष के महानायक के रूप में स्मरण किया जाता है। उन्हें ‘धरती आबा’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, झाड़ा सिरहा, हिड़मा मांझी और संत गहिरा गुरु सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के योगदान को भी याद किया जाएगा।
जनजातीय परिवारों को आवास और महिला कल्याण योजनाओं का लाभ
छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उपलब्ध विभागीय आंकड़ों के अनुसार, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के माध्यम से 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी 32 जिलों के 6,691 गांवों को शामिल किया गया है। अभियान से 11 लाख से अधिक परिवारों तक विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत 1,544 गांवों के 56,569 परिवार लाभान्वित हुए हैं। इन अभियानों का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
शिक्षा और छात्रवृत्ति से खुल रहे विकास के नए अवसर
प्रदेश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों और 14 प्रयास आवासीय विद्यालयों में 34 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। बीते दो वर्षों में 90,942 विद्यार्थियों को 124.79 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। नई दिल्ली स्थित जनजातीय युवा छात्रावास की क्षमता भी 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से जनजातीय महिलाओं एवं बेटियों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पशुधन विकास योजनाओं से जनजातीय पशुपालकों की आजीविका को मजबूत करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
वन अधिकारों से मजबूत हो रहे जनजातीय समाज के अधिकार
वन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इससे वन क्षेत्रों में निवासरत जनजातीय परिवारों को भूमि और सामुदायिक संसाधनों पर अधिकार सुनिश्चित करने में सहायता मिली है।
जनजातीय विरासत और इतिहास को संरक्षित करने के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं डिजिटल संग्रहालय विकसित किया गया है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाला जनजातीय गौरव दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता, अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगा।
