भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 बना आकर्षण का केंद्र, हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में 600 स्टार्टअप दिखा रहे नवाचार की ताकत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ की थीम पर आयोजित मेले में देश की औद्योगिक प्रगति, उद्यमिता, तकनीकी क्षमता और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिल रही है। विशेष रूप से हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में आगंतुकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। यहां देशभर के लगभग 600 भारतीय स्टार्टअप अपने नवाचारों और आधुनिक तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित इस मेले में स्टार्टअप इंडिया की पहल से देश के उभरते उद्यमियों को एक बड़ा मंच मिला है। कृषि प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, डीप टेक, ड्रोन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप अपने उत्पादों और सेवाओं के माध्यम से भारतीय नवाचार की क्षमता प्रदर्शित कर रहे हैं। इसका उद्देश्य युवा उद्यमियों को बाजार, निवेशकों और संभावित व्यावसायिक साझेदारों से जोड़ना भी है।

आकाशवाणी से बातचीत में हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में भाग ले रही कंपनी टेकएक्सआर के हेड ऑफ ऑपरेशंस राम अवतार ने कंपनी द्वारा विकसित तीन विशेष ऐप्स की जानकारी दी। इनमें शुभ दर्शन, दुर्लभ दर्शन और सेंसएक्सवीआर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शुभ दर्शन ऐप के माध्यम से लोग घर बैठे ही देश के विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कर सकते हैं। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक अनुभव को अधिक सहज बनाने का प्रयास किया गया है। अन्य ऐप्स के माध्यम से भी तकनीकी नवाचार और नए डिजिटल अनुभवों की संभावनाएं प्रस्तुत की जा रही हैं।

इस वर्ष के व्यापार मेले में हॉल ऑफ इंस्पिरेशन को विशेष रूप से युवाओं और नवाचार आधारित उद्यमों के लिए तैयार किया गया है। यहां आगंतुकों को यह समझने का अवसर मिल रहा है कि भारतीय युवा किस प्रकार नई तकनीकों का उपयोग कर विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान विकसित कर रहे हैं। कृषि से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल सेवाओं तक स्टार्टअप नए विचारों को व्यावहारिक उत्पादों में बदल रहे हैं।

आईआईटीएफ 2026 में 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, 11 देशों तथा 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी भी मेले को व्यापक स्वरूप प्रदान कर रही है। 17 प्रदर्शनी हॉल में 3,500 से अधिक प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया है। एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) पैवेलियन में 21 राज्यों के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं और क्षेत्रीय व्यंजनों को भी स्थान दिया गया है।

14 से 27 नवंबर तक आयोजित यह मेला व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ भारतीय उद्यमिता, स्वदेशी उत्पादों और तकनीकी आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में प्रदर्शित स्टार्टअप भारतीय युवाओं की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *