नई दिल्ली, 24 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कौशल विकास को बढ़ावा देने और कौशल प्रशिक्षण को युवाओं के लिए पसंदीदा करियर विकल्प बनाने के प्रयासों को रेखांकित करते हुए केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी का एक लेख सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस लेख में बताया गया है कि सरकार की विभिन्न पहल किस प्रकार युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में उभरते रोजगार के अवसरों के लिए तैयार कर रही हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई पोस्ट में कहा गया कि भारत अपनी कौशल विकास यात्रा को वैश्विक मंच पर ले जा रहा है। इसमें आगामी विश्व कौशल एशिया 2027, प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगारपरक परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में उद्योग आधारित प्रशिक्षण को मजबूत करने के प्रयासों का उल्लेख किया गया है।
जयंत चौधरी ने अपने लेख में कहा है कि भारत पहली बार विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता 2027 की मेजबानी करने जा रहा है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। इससे पहले भारत ने पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना दल भेजा था। अब देश स्वयं इसकी मेजबानी कर कौशल विकास के क्षेत्र में अपनी बढ़ती क्षमता और वैश्विक पहचान प्रदर्शित करेगा।
लेख में इस बात पर भी चिंता जताई गई है कि भारतीय परिवारों में अब भी पारंपरिक शैक्षणिक डिग्री को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण की तुलना में अधिक प्राथमिकता दी जाती है। जबकि किसी विशेष तकनीकी क्षेत्र में प्राप्त योग्यता युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अधिक सीधा मार्ग उपलब्ध करा सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिताएं युवाओं के हुनर, तकनीकी दक्षता और श्रम के सम्मान को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
एआई के दौर में बढ़ेगी कुशल कामगारों की मांग
जयंत चौधरी ने अपने लेख में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारण बदलते रोजगार परिदृश्य का भी उल्लेख किया है। विश्व आर्थिक मंच के अनुमानों के अनुसार वर्ष 2030 तक दुनिया में 17 करोड़ नए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं, जबकि 9.2 करोड़ मौजूदा रोजगार समाप्त हो सकते हैं। इसी अवधि में प्रत्येक 100 में से 59 कामगारों को नए कौशल प्रशिक्षण की आवश्यकता होगी।
भारत में भी एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में डेटा सेंटर, तकनीकी अवसंरचना, विद्युत व्यवस्था और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित तकनीशियनों, इलेक्ट्रीशियनों तथा अन्य कुशल कामगारों की मांग बढ़ने की संभावना है।
पीएम-सेतु से 1,000 आईटीआई का होगा उन्नयन
कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 60 हजार करोड़ रुपये के परिव्यय वाली पीएम-सेतु पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत देश के 1,000 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का उन्नयन किया जाना है। योजना में उद्योगों की भागीदारी को भी प्रमुखता दी गई है। इसके तहत 15 आईटीआई समूहों के लिए निवेश योजनाओं को मंजूरी दी गई है। प्रत्येक समूह में प्रमुख उद्योग भागीदार की भूमिका होगी, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के बीच तालमेल स्थापित करने में सहयोग करेगा।
इन संस्थानों में आधुनिक कार्यशालाएं और प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।

प्रधानमंत्री द्वारा लेख साझा किए जाने को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण के महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें हुनर, तकनीकी दक्षता और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। विश्व कौशल एशिया 2027 और पीएम-सेतु जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
