नई दिल्ली, 29 जुलाई। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से जुड़ी टीमों के साथ सीधा संवाद कायम रखने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में ‘सबके लिए आवास’ विभाग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और अधिकारियों, सलाहकारों, युवा पेशेवरों तथा सहायक कर्मचारियों से उनके कार्यस्थलों पर बातचीत कर विभागीय गतिविधियों और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रत्यक्ष जानकारी ली।
तोखन साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजना से जुड़ी विभिन्न टीमों के साथ वर्तमान प्राथमिकताओं, प्रमुख पहलों और मिशन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने टीम के सदस्यों के सुझाव भी सुने और पात्र शहरी लाभार्थियों को उनकी सामर्थ्य के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से आवास उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ‘सबके लिए आवास’ मिशन सरकार के महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी शहरी कार्यक्रमों में शामिल है। इसके माध्यम से लाखों परिवारों को न केवल अपना पक्का घर मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी पैदा हो रही है। उन्होंने मिशन को सफल बनाने में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
दौरे के दौरान तोखन साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के निगरानी डैशबोर्ड की भी समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल निगरानी प्रणाली के माध्यम से मिशन की प्रगति पर नजर रखने की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में प्रौद्योगिकी और डेटा विश्लेषण का प्रभावी इस्तेमाल पारदर्शिता, जवाबदेही और जमीनी स्तर पर निगरानी को मजबूत करता है। उन्होंने टीम को योजना के क्रियान्वयन में नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाते रहने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि पूरी प्रक्रिया अधिक दक्ष और नागरिक-केंद्रित बनाई जा सके।

तोखन साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत अब तक 127 लाख से अधिक घरों के निर्माण को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत स्वीकृत 16 लाख से अधिक आवास भी शामिल हैं। देशभर में 121 लाख से अधिक आवास इकाइयों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 99 लाख से अधिक घरों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही 96 लाख से अधिक परिवार अपने नए घरों में निवास करने लगे हैं।
‘सबके लिए आवास’ विभाग की टीम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां विभाग के प्रत्येक सदस्य के समर्पण, पेशेवर दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि हर तैयार घर के पीछे एक ऐसा परिवार है, जिसका जीवन पूरी तरह बदल रहा है। मिशन केवल घरों का निर्माण नहीं कर रहा, बल्कि लाखों नागरिकों के लिए अवसर, सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के समावेशी स्वरूप पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि अब तक स्वीकृत आवासों में 21 लाख से अधिक लाभार्थी अनुसूचित जाति, 5 लाख से अधिक अनुसूचित जनजाति और 50 लाख से अधिक अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं। इसके अलावा 22 लाख से अधिक लाभार्थी अल्पसंख्यक समुदायों से हैं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में योजना की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एक करोड़ से अधिक आवास महिलाओं के नाम या परिवार के पुरुष सदस्य के साथ संयुक्त नाम पर आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक समानता और वित्तीय सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
तोखन साहू ने विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अपने दौरों का अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभार्थियों से मिलकर उन्हें इस मिशन के वास्तविक प्रभाव का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि अपने घर का सपना पूरा होने के बाद परिवारों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी और उनकी जीवन-कथाएं इस योजना की सफलता को दर्शाती हैं।
उन्होंने ‘सबके लिए आवास’ विभाग के सभी अधिकारियों, सलाहकारों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय मिशन में उनके योगदान के लिए बधाई दी और इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 पात्र शहरी परिवारों को उनकी सामर्थ्य के भीतर आवास उपलब्ध कराने के साथ समावेशी शहरी विकास और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
