‘मन की बात’ में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- देशभर में नशामुक्ति के लिए बढ़ रही समाज की सक्रिय भागीदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों से संवाद करते हुए कहा कि देशभर में नशामुक्ति के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। नशामुक्त युवा अभियान भी पूरी गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और बड़े सपनों के बल पर विश्व में नई पहचान बना रहे हैं, लेकिन नशाखोरी उनकी आकांक्षाओं के सामने बड़ी चुनौती है।

प्रधानमंत्री ने नशे की लत पर दृढ़ इच्छाशक्ति से विजय प्राप्त करने वाले एक युवक से बातचीत की। युवक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में नशा आकर्षक लगता है, लेकिन इसके दुष्परिणाम व्यक्ति के साथ उसके पूरे परिवार को भुगतने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उसकी कहानी नशे से मुक्ति पाने का प्रयास कर रहे अनेक युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगी। उन्होंने परिवार और राष्ट्र के भविष्य के लिए युवा पीढ़ी को नशामुक्त रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म आईगॉट कर्मयोगी की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस मंच पर 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर भारतीय सांकेतिक भाषा तक के पाठ्यक्रम पूरे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘नागरिक देवो भव’ मिशन कर्मयोगी का मूल मंत्र है और कर्मचारियों में सीखने की यह प्रवृत्ति विकसित भारत की यात्रा को मजबूती प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री ने संचार साथी प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने और डिजिटल धोखाधड़ी रोकने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। इस पोर्टल पर 30 करोड़ से अधिक विजिट हो चुके हैं और इसका ऐप लगभग तीन करोड़ बार डाउनलोड किया गया है। इसके माध्यम से पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को रोका गया है। ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है। उन्होंने पुणे के हिमांशु सिंह और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के विवेक अलहारी के प्रयासों की सराहना की, जिनकी शिकायतों के आधार पर हजारों फर्जी मोबाइल कनेक्शन बंद किए गए।

प्रधानमंत्री ने बिहार संग्रहालय की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि इसे विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। एशिया में इसे पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने गुजरात के वड़नगर स्थित अनंत अनादि वड़नगर पुरातात्विक प्रायोगिक संग्रहालय की भी चर्चा की, जहां पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

भारत की कला और संस्कृति की वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि इटली के प्रतिष्ठित वेनिस आर्ट बिएनाले में भारतीय पवेलियन में लगभग साढ़े चार लाख लोगों ने सहभागिता की। विश्वभर के दर्शकों ने इसे सर्वश्रेष्ठ चुना। उन्होंने कहा कि भारतीय पारंपरिक कलाओं को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने से वे वैश्विक दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में अगले महीने के पहले सप्ताह से शुरू होने वाले इंडिया बिएनाले का भी उल्लेख किया। यह कला, वास्तुकला और डिजाइन का 108 दिवसीय उत्सव होगा, जिसमें ऐतिहासिक स्मारक, संग्रहालय और कला दीर्घाएं भाग लेंगी।

प्रधानमंत्री ने भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहुंच का उल्लेख करते हुए बताया कि तमिलनाडु के इरोड का जैविक ताड़ गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। भारतीय चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में पिछले वर्ष लगभग 25 प्रतिशत वृद्धि हुई है। गुजरात के कच्छ में अमूल द्वारा ऊंटनी के दूध से चॉकलेट-केसर स्वाद वाला दूध और राजभोग आइसक्रीम तैयार की जा रही है। सरहद डेयरी में ऊंटनी के दूध का दैनिक संग्रहण 1,300 लीटर से बढ़कर 5,500 लीटर हो गया है। सूरत की श्मिटन चॉकलेट भी भारतीय उत्पाद के रूप में वैश्विक पहचान बना रही है।

फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल के 100 संस्करण पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल में अब तक 30 हजार से अधिक स्थानों पर 37 लाख से ज्यादा लोग शामिल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप पुणे में आयोजित होगी।

खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय फुटबॉल टीम की दसवीं एसएएफएफ चैंपियनशिप जीत, लक्ष्य सेन के लगातार दो सुपर 500 खिताब और कुमामोटो मास्टर्स में ऐतिहासिक जीत की सराहना की। उन्होंने पी.वी. सिंधु की हिलो ओपन में जीत का भी उल्लेख किया। आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में होगा।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने भोजन में तेल का उपयोग 10 प्रतिशत कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोटापा देश के सामने एक बड़ी चुनौती है। इससे उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम आवश्यक हैं।

प्रधानमंत्री ने कनाडा के साई धाम फूड बैंक की सराहना की, जो ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन क्षेत्रों में प्रतिमाह लगभग 60 हजार जरूरतमंद लोगों की सहायता करता है। इसके माध्यम से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों तक भी भोजन पहुंचाया जाता है। उन्होंने कनाडा के रेड एफएम से जुड़े कुलविंदर संघेरा के सामुदायिक सेवा प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सिख गुरुओं के चित्र बनाने वाले प्रसिद्ध चित्रकार शोभा सिंह को उनकी 125वीं जयंती पर स्मरण किया। साथ ही भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बी.एन. राव के योगदान को भी याद किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से मिलने वाले संदेश उन्हें समाज में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यों से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के प्रयासों से ही देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *