‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण में देशभर में उमड़ा उत्साह, पुणे में 50 हजार से अधिक साइकिल चालकों ने लिया हिस्सा
पुणे, 29 नवंबर 2026। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि स्वस्थ, तंदुरुस्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में नागरिकों तथा युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। वे रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोशी में आयोजित ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ पहल के 100वें संस्करण को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. मांडविया ने कहा कि दिसंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुई यह पहल अब देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। शुरुआत में केवल 250 स्थानों से प्रारंभ हुई इस मुहिम का विस्तार अब देशभर में 40 हजार से अधिक स्थानों तक हो गया है। साइकिलिंग के माध्यम से लोग न केवल अपनी सेहत सुधार रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति भी जागरूक हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री के संदेश ‘विकसित भारत के लिए फिटनेस की खुराक – प्रतिदिन आधा घंटा’ का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
इस विशेष आयोजन में डॉ. मांडविया ने स्वयं पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा में भाग लिया। पुणे में लगभग 50 हजार साइकिल चालकों ने 25 किलोमीटर की साइकिलिंग गतिविधि में हिस्सा लिया। माय भारत के सहयोग से देश के प्रत्येक जिले में युवाओं ने इस अभियान में सहभागिता की। इसके साथ ही देशभर के 100 प्रमुख स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 100 भारतीय ओलंपिक खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया।

इस ऐतिहासिक संस्करण की मुख्य विषयवस्तु ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ रही। इसके माध्यम से देश में ओलंपिक खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने, खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
