माई भारत के राष्ट्रव्यापी अभियान की 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंच, 59 हजार से अधिक युवा हुए शामिल
देशभर में अब तक 311 युवा संवाद आयोजित, छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों और यूथ आइकॉन ने युवाओं को किया जागरूक
रायपुर। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘विकसित भारत युवा संवाद : नो योर वोट’ व्यापक स्तर पर प्रभावी हो रहा है। इस अभियान के माध्यम से अब तक 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 59 हजार से अधिक युवाओं तक पहुंच बनाई जा चुकी है। देशभर में कुल 311 युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
3 नवंबर को अभियान के अंतर्गत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ 91 युवा संवाद आयोजित किए गए। इनमें 15,453 युवाओं, 90 यूथ आइकॉन और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों में मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और जशपुर में युवाओं ने लिया लोकतंत्र का पाठ
इस राष्ट्रव्यापी अभियान में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। प्रदेश के दंतेवाड़ा और जशपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रमों में लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
दंतेवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी शामिल हुए। इस अवसर पर यूथ आइकॉन नंदनी दीक्षित ने युवाओं को मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
वहीं, जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रायमुनि भगत ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने निर्णय स्वतंत्र रूप से लेने चाहिए और फर्जी खबरों तथा भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहना चाहिए। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है।

देशभर में युवाओं से सीधा संवाद
दिल्ली में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी सत्यपाल सिंह ने जीवनभर सीखते रहने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान के अधिकार की भूमिका पर विचार रखे। हिमाचल प्रदेश के मंडी में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर और विधायक पूरन चंद ठाकुर ने युवाओं को समसामयिक विषयों की जानकारी रखने, आलोचनात्मक सोच विकसित करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी।

गुजरात के भावनगर, पाटन और सूरत में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। राजस्थान के हनुमानगढ़, पाली और सीकर में जनप्रतिनिधियों तथा यूथ आइकॉन ने युवाओं के साथ संवाद किया। हनुमानगढ़ में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान पर चर्चा के साथ लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई गई।
उत्तर प्रदेश के बलिया में युवाओं को माई भारत की विभिन्न गतिविधियों और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के बारे में जानकारी दी गई। बिहार के खगड़िया, पूर्णिया, बेगूसराय, पटना और सहरसा में भी युवाओं ने लोकतांत्रिक भागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मध्य प्रदेश के नौ जिलों में युवा संवाद आयोजित हुए। कर्नाटक में भी जनप्रतिनिधियों और यूथ आइकॉन ने विद्यार्थियों से संवाद किया। कई स्थानों पर प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक शपथ ली और माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया।

जागरूक युवा, सशक्त लोकतंत्र का आधार
माई भारत का यह अभियान युवाओं को केवल मतदान के अधिकार की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, जनप्रतिनिधियों से सीधे सवाल पूछने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, विवेकशील और जिम्मेदार नागरिक बनाकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
