खेलों के विकास से लेकर अंतरराष्ट्रीय पदक तक की यात्रा से रूबरू कराएगा ‘खेलो भारत’ क्विज़

माई भारत पोर्टल पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की नई पहल, 20 नवंबर तक ले सकेंगे भाग

शीर्ष 100 प्रतिभागियों को मिलेगा फिट इंडिया का आकर्षक उपहार, 15 मिनट में हल करने होंगे 20 प्रश्न

नई दिल्ली, 5 नवंबर 2026। देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, घरेलू खेल सामग्री विनिर्माण को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की उपलब्धियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंत्रालय के खेल विभाग ने 4 नवंबर को माई भारत (MY Bharat) पोर्टल पर ‘खेलो भारत : विनिर्माण से पोडियम फिनिश तक’ क्विज़ का शुभारंभ किया है। इस पहल के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, पेशेवरों और खेल प्रेमियों को भारत के विकसित होते खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी।

यह क्विज़ केवल खेल प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें खेल सामग्री के घरेलू विनिर्माण, तकनीकी नवाचार, अनुसंधान, खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के सरकारी प्रयासों को भी शामिल किया गया है। क्विज़ में 20वें एशियाई खेल 2026 और पांचवें एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत की भागीदारी एवं उपलब्धियों से संबंधित विषय भी शामिल हैं। दोनों प्रतियोगिताएं जापान के आइची-नागोया में आयोजित हुईं।

1,856.67 करोड़ रुपये की खेल सामग्री विनिर्माण योजना पर विशेष जोर

इस क्विज़ का एक प्रमुख विषय खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना है। इसके लिए 1,856.67 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य देश में खेल सामग्री के घरेलू उत्पादन को मजबूत करना और भारत को खेल उपकरणों के विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाना है।

योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन और विभिन्न हस्तक्षेपों के माध्यम से निवेश सहायता, विनिर्माण क्षेत्र एवं मौजूदा औद्योगिक समूहों का विकास, उत्पादन प्रोत्साहन, गुणवत्ता प्रमाणन, परीक्षण सुविधाएं, अनुसंधान, कौशल विकास, स्टार्टअप और ब्रांडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने और खेल सामग्री के निर्यात को बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।

एशियाई खेलों में भारत की व्यापक भागीदारी

क्विज़ में भारत की अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों को भी प्रमुखता दी गई है। 20वें एशियाई खेलों में भारत ने 36 खेल विधाओं और 255 स्पर्धाओं में 501 खिलाड़ियों का दल उतारा। इसमें खेलो इंडिया से जुड़े 65 खिलाड़ी, टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के 203 खिलाड़ी और 310 पहली बार भाग लेने वाले खिलाड़ी शामिल थे। इस दल में देश के 31 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व रहा।

वहीं पांचवें एशियाई पैरा खेलों में भारत ने 11 खेल विधाओं और 177 स्पर्धाओं में 168 खिलाड़ियों के साथ भागीदारी की। इनमें खेलो इंडिया के 33 खिलाड़ी, टॉप्स के 47 खिलाड़ी, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों के छह खिलाड़ी और 61 पहली बार भाग लेने वाले खिलाड़ी शामिल थे। इस दल में 25 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व रहा।

सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुला है क्विज़

मंत्रालय के अनुसार यह प्रतियोगिता आयु, लिंग, शैक्षणिक योग्यता और राज्य की किसी सीमा के बिना सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। प्रतिभागियों को 15 मिनट में कुल 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। क्विज़ में शामिल होने से पहले माई भारत पोर्टल पर उपलब्ध संदर्भ सामग्री का अध्ययन करने की सलाह भी दी गई है। प्रतियोगिता पूरी करने के बाद प्रतिभागी सही उत्तर देख सकेंगे।

इस क्विज़ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 100 प्रतिभागियों को फिट इंडिया की ओर से उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी। यदि प्रतिभागियों के अंकों में समानता होती है तो विजेताओं के चयन के लिए कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली अपनाई जाएगी।

20 नवंबर तक कर सकते हैं सहभागिता

यह क्विज़ 4 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा। इच्छुक नागरिक माई भारत पोर्टल के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं।

प्रत्यक्ष भागीदारी के लिए लिंक : https://mybharat.gov.in/quizzes/yuva/detail/F4bPGADIB1E_OFqlCIFJWA/

मंत्रालय की इस पहल का व्यापक उद्देश्य खेलों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर विनिर्माण, अनुसंधान, नवाचार, रोजगार और प्रतिभा विकास से जोड़ना है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भारत के आत्मनिर्भर खेल उद्योग और अंतरराष्ट्रीय खेल शक्ति बनने के संकल्प को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *